जयपुर : सर्वार्थ सिद्धि सहित अन्य योग-संयोगों में शनिवार को शनि पुष्य नक्षत्र है इस मौके पर प्रथम पूज्य गणेश मंदिरों में भगवान गणेश का पंचामृत अभिषेक हुआ और सिंदूरी चोला धारण कराकर अथर्वशीर्ष मंत्रों के साथ मोदक, शीतल व्यंजन अर्पित किए। इस दौरान गणेश मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ नजर आई।
गजानन को 1001 मोदक किए अर्पित
खरीददारी के लिहाज से शनि पुष्य नक्षत्र बेहद शुभ दिन रहने से वाहन पूजन के लिए मोतीडूंगरी गणेश जी मंदिर में पहुंचें। सुबह प्रथम पूज्य का अभिषेक किया गया। 501 किलो दूध मय द्रव्यों सहित केवड़ा जल, गुलाब जल, इत्र से अभिषेक किया गया। इसके बाद पंचामृत से अभिषेक कर गंगाजल से स्नान कराया गया। भक्तों को रक्षा सूत्र बांधकर प्रसाद स्वरूप हल्दी की गांठ वितरित की, गणपति सहस्त्रनाम के साथ गजानन को 1001 मोदक अर्पित किए। इस दौरान मंदिर परिसर में गणपति के जयकारे गूंजे। गणपति को नवीन पोशाक धारण कराकर फूल बंगले में विराजमान किया।